12 शवों की शिनाख्त,

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

04:34 PM, 18-Jul-2022

खलघाट बस दुर्घटना के संबंध में जानकारी हेतु हेल्पलाइन नंबर जारी

धार जिले के खलघाट में नर्मदा नदी पर सोमवार को हुई बस दुर्घटना पर प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य निरंतर रूप से जारी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा स्वयं अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल पहुंचे। उनकी निगरानी में नदी में सर्चिंग कार्य सतत रूप से किया जा रहा है। संभागायुक्त डॉ. शर्मा के निर्देशन में धार जिला प्रशासन ने घटना के संबंध में सहायता एवं आवश्यक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नम्बर भी जारी किए गए हैं। हेल्पलाइन नंबर में एसडीएम नवजीवन विजय पवार 93293-01390, नायब तहसीलदार केश्या सोलंकी 70004-02972 तथा सीएचसी धामनोद 98265-52527 शामिल है। उक्त हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। 

04:31 PM, 18-Jul-2022

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धार के बस हादसे में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की है। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।   

02:42 PM, 18-Jul-2022

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी खलघाट की दुर्घटना पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि धार, मध्य प्रदेश में हुए बस हादसे में अनेक यात्रियों के हताहत होने से गहरा दुःख हुआ है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

02:38 PM, 18-Jul-2022

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि नर्मदा नदी में बस गिरने की दुखद घटना हुई है। जलगांव जिले के अधिकारियों को मध्य प्रदेश के अधिकारियों से समन्वय करने के निर्देश दिए हैं। ताकि मरने वालों का अंतिम संस्कार अच्छी तरह संपन्न हो तथा साथ ही घायलों का उचित उपचार किया जा सके। मेरी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात हुई है। खरगोन और धार जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर हैं। मैंने भी मुख्य सचिव मनुकुमार श्रीावास्तव और एसटी महामंडल के डायरेक्टर शेखर चन्ने को आवश्यक मदद कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्थिव देहों को उनके रिश्तेदारों को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को एसटी की तरफ से दस-दस लाख रुपये की आर्थिक मदद देने के निर्देश एसटी महामंडल को दिए हैं। 

02:29 PM, 18-Jul-2022

स्थानीय जिला प्रशासन ने मरने वालों के नामों की सूची जारी की है। इसके अनुसार मरने वालों में ज्यादातर महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। तीन लोग राजस्थान के हैं, जबकि एक इंदौर का है। शेष नौ लोग महाराष्ट्र से हैं। अब तक 11 लोगों की पहचान हो चुकी है- 

  • चेतन गोपाल जांगिड़, जयपुर (राजस्थान)
  • जगन्नाथ जोशी, उदयपुर (राजस्थान)
  • प्रकाश चौधरी, अमलनेर (महाराष्ट्र)
  • नीबाजी पाटिल, अमलनेर (महाराष्ट्र)
  • कमला बाई पाटिल, अमलनेर (महाराष्ट्र)
  • चंद्रकांत पाटिल, अमलनेर (महाराष्ट्र)
  • अरवा बोरा, अकोला (महाराष्ट्र)
  • सैफुद्दीन पुत्र अब्बास, इंदौर (मध्यप्रदेश )
  • राजू मोर, रावतभाटा (राजस्थान)
  • अविनाश परदेसी, अमलनेर (महाराष्ट्र)
  • विशाल बहरे, धुलिया (महाराष्ट्र) 

02:08 PM, 18-Jul-2022

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों को दस-दस लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने की घोषणा की है। वहीं, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य सरकार की ओर से पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये की राहत राशि देने की बात कही है। 

01:52 PM, 18-Jul-2022

दस साल पुरानी थी बस, फिटनेस सर्टिफिकेट भी खत्म होने वाला था

मध्यप्रदेश के खलघाट में जो बस दुर्घटनाग्रस्त हुई है, वह दस साल पुरानी है। फिटनेस सर्टिफिकेट की अवधि भी 10 दिन में खत्म होने वाली थी। महाराष्ट्र स्टेट रोडवेज ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के मुताबिक बस इंदौर से महाराष्ट्र के जलगांव जा रही थी। बस नागपुर के ग्रामीण आरटीओ में 12 जून 2012 को रजिस्टर्ड हुई थी। उसका सर्टिफिकेट भी 27 जुलाई 2022 को खत्म होने वाला था। उसका पीयूसी सर्टिफिकेट और इंश्योरेंस जरूर वैध था। चंद्रकांत एकनाथ पाटिल ड्राइवर थे और प्रकाश श्रवण चौधरी उस बस में कंडक्टर। दोनों की ही मौत होने की खबर मिल रही है। कॉर्पोरेशन ने हादसे के संबंध में हेल्पलाइन नंबर 022-23023940 जारी किया है। 

01:43 PM, 18-Jul-2022

इंदौर कमिश्नर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ खलघाट पहुंचे

खलघाट में नर्मदा नदी पर हुई बस दुर्घटना पर प्रशासन द्वारा तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किए गए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर संभागायुक्त डॉक्टर पवन कुमार शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक राकेश गुप्ता, कलेक्टर खरगोन श्रीकुमार पुरुषोत्तम, धार कलेक्टर पंकज जैन भी मौक़े पर पहुंच गए।  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर कमिश्नर डॉक्टर पवन कुमार शर्मा से घटना की पूरी जानकारी ली। निर्देश दिए कि राहत कार्य में पूरी संवेदनशीलता रखी जाए। घायलों का बेहतर इलाज कराया जाए। दुर्घटना में अकाल काल कवलित हुए यात्रियों के पार्थिव देह को सम्मानपूर्वक उनके गृहनगर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए।  दुर्घटना ग्रस्त हुई बस इंदौर से महाराष्ट्र जा रही थी और अधिकतर यात्री महाराष्ट्र से थे। संभागायुक्त डॉक्टर पवन शर्मा ने अन्य अधिकारियों के साथ नाव से घटनास्थल जाकर देखा। नदी में सर्चिंग की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने धामनोद अस्पताल में बेहतर व्यवस्था के लिए धार कलेक्टर डॉक्टर पंकज जैन को स्वयं उपस्थित रहने के लिए कहा। 

01:35 PM, 18-Jul-2022

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 13 शव निकाले जा चुके हैं। बचाव कार्य जारी है। हो सकता है कि इतने ही लोग बस में सवार हो। मध्य प्रदेश सरकार हरसंभव व्यवस्थाएं करने की कोशिश कर रही है। मैंने दुर्घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। खरगोन जिले के प्रभारी मंत्री कमल पटेल मौके पर जा रहे हैं।  

 

01:24 PM, 18-Jul-2022

सीएम चौहान बोले— ‘हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं’

धार बस हादसे पर शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से कहा कि हादसे के बाद 13 शव निकाले जा चुके हैं। संभावना है कि इतने ही लोग अभी और हों। मेरी महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़नवीस से भी चर्चा हुई है। जो शव मिल गए हैं। उनमें से 5 की पहचान हो चुकी है। उन्हें ससम्मान गंतव्य तक पहुंचाएंगे। सीएम ने कहा कि दुघर्टना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रभारी मंत्री कमल पटेल को निर्देश दे दिया है, वे स्थिति का जायजा ले रहे हैं। संकट के समय हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और हरसंभव प्रयास करेंगे।

 

01:17 PM, 18-Jul-2022

मध्यप्रदेश बस दुर्घटना में 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने अपने पहले दिए बयान में सुधार करते हुए कहा कि कोई नहीं बचा है। बस में सिर्फ 13-14 लोग ही सवार थे। सारे हादसे में मारे गए हैं। बस गिरने से नदी में नहा रहे लोग भागे थे। उन्हें प्रत्यक्षदर्शियों ने बचा हुआ मान लिया था। इस वजह से लगा था कि उन्हें बचा लिया गया है। मरने वालों में अब तक दो राजस्थान के और तीन महाराष्ट्र के होने की पुष्टि हुई है। शेष की शिनाख्त की जा रही है। मरने वालों के नाम इस प्रकार है- चेतन रामगोपाल निवासी जयपुर (राजस्थान), जगन्नाथ जोशी निवासी मल्हारगढ़ (राजस्थान),  प्रकाश चौधरी निवासी अमलनेर (महाराष्ट्र), शिवाजी पाटिल निवासी अमलनेर (महाराष्ट्र), कमल वर्मा निवासी अमलनेर (महाराष्ट्र)। गृहमंत्री ने यह भी बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि एक मोटरसाइकिल को बचाने के चक्कर में बस ड्राइवर ने नियंत्रण खोया और बस पुल से नीचे जा गिरी।   

 

01:00 PM, 18-Jul-2022

अब तक 13 लाशें ही बरामद हुई हैं। उनके शव धामनोद के अस्पताल में रखे गए हैं। शेष लोगों की तलाश जारी है। एनडीआरएफ और अन्य गोताखोर टीमें गुमशुदा लोगों को तलाश रही है। मौके पर धार और खरगोन के एसपी और कलेक्टर पहुंच चुके हैं। इंदौर के संभागीय आयुक्त पवन कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंच गए हैं। 

12:43 PM, 18-Jul-2022

प्रधानमंत्री कार्यालय का ट्वीट।
– फोटो : सोशल मीडिया

बस में 55 लोगों के सवार होने की बात सामने आ रही है। अब तक 13 शव निकाले जा चुके हैं। मरने वालों में आठ पुरुष, चार महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर संवेदनाएं जताई हैं। मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश के धार में बस हादसा दुखद करने वाला है। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने करीबियों को बस दुर्घटना में खोया है। राहत कार्य जारी है और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी प्रभावितों को हरसंभव मदद पहुंचा रहे हैं। 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर चर्चा की। उन्हें खलघाट में हुई बस दुर्घटना की जानकारी से अवगत कराया है। साथ ही हरदा विधायक और राज्य के मंत्री कमल पटेल को दुर्घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। 

 

12:35 PM, 18-Jul-2022

जिस पुल पर हादसा हुआ है, वह पुराना पुल बताया जाता है। महाराष्ट्र परिवहन की बस ने 10 मिनट पहले ही ब्रेक लिया था। यात्रियों ने नाश्ता किया था और बस रवाना हुई थी। अब तक बताया जा रहा है कि बस के सामने कोई आ गया, जिसके बाद ड्राइवर का वाहन पर से संतुलन बिगड़ा और बस रैलिंग तोड़ती हुई नदी में जा गिरी। हादसा आगरा-मुंबई राजमार्ग पर हुआ है। जिस संजय सेतु से बस गिरी है, वह धार और खरगोन की सीमा पर आता है। आधा सेतु खरगोन में और आधा धार में। इस वजह से इंदौर कमिश्नर ने दोनों जिलों के कलेक्टरों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए थे।  

 

12:33 PM, 18-Jul-2022

मध्यप्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि इंदौर से महाराष्ट्र जा रही महाराष्ट्र सरकार की “एसटी” बस धामनोद के पास खलघाट में नर्मदा नदी में गिरने की बहुत ही दुखद और पीड़ादायी दुर्घटना हुई है। मौके पर सभी जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी और बचाव एवं राहत टीमें पहुंच गई हैं। बचाव के सभी प्रयास किए जा रहे हैं। 15 लोगों को बचा लिया गया है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। 

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *